फर्रुखाबाद:विशेष अभियान दिवस 22 फरवरी 2026: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का सुनहरा अवसर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 फरवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने तथा सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।

इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। 22 फरवरी को होने वाला यह अभियान मतदाताओं को अंतिम अवसर प्रदान करेगा कि वे अपने नाम की जांच कर लें और आवश्यक संशोधन करा सकें।

बूथ पर उपलब्ध रहेंगी ये सुविधाएं

प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से अपरान्ह 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहेंगे।

6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची बूथ पर उपलब्ध रहेगी।

फार्म 6 (नया नाम जोड़ने हेतु), 6ए, 7 (नाम विलोपन हेतु) एवं 8 (संशोधन हेतु) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी, जहां फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।

मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) से भी सहयोग लिया जाएगा।

किन्हें करना चाहिए आवेदन?

जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

वे युवा जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है।

जिन मतदाताओं की प्रविष्टि में नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में त्रुटि है (फार्म-8 के माध्यम से सुधार संभव)।

मतदाता अपने बूथ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं या ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

मतदाता घर बैठे भी आवेदन कर सकते हैं—

ECINET मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से

आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in� पर जाकर

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभियान दिवस पर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और अभियान की सफलता सुनिश्चित करेंगे।

अपील:

सभी नागरिकों से आग्रह है कि 22 फरवरी 2026 को अपने-अपने बूथ पर जाकर अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आपका नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है।

Leave a Comment