फर्रुखाबाद: अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाकर नेताजी का ऋण चुकाएंगे सैनिक: कर्नल शरद शरण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अप्रैल 2026 समाजवादी पार्टी के सैनिक प्रकोष्ठ की सांगठनिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से आज जनपद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल शरद शरण ने की।

जिला प्रवक्ता/सचिव राधेश्याम सविता के अनुसार, यह बैठक भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के मदनपुर में विधानसभा अध्यक्ष हरमोहन सिंह के प्रतिष्ठान पर सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए कर्नल शरद शरण ने कहा कि समाजवादी विचारधारा के पुरोधा मुलायम सिंह यादव ने अपने रक्षामंत्री कार्यकाल में सैनिकों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए थे। उन्होंने कहा कि सैनिक समाज का कर्तव्य है कि वह नेताजी के उस योगदान का ऋण चुकाए, और इसके लिए अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाना आवश्यक है।

उन्होंने वर्तमान प्रदेश की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोज़गारी चरम पर है और सैनिक भर्ती प्रक्रिया में बदलाव कर युवाओं के साथ अन्याय किया गया है। उनके अनुसार, प्रदेश को एक शिक्षित, दूरदर्शी और संवेदनशील नेतृत्व की जरूरत है, जो केवल अखिलेश यादव ही दे सकते हैं।

बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने खिमसेपुर स्थित राधेश्याम सविता के आवास पर भी बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई।

इस अवसर पर राधेश्याम सविता ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक अब समाज में फैली असमानता, नफरत और संविधान विरोधी विचारों के खिलाफ भी संघर्ष करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इसे “ऐलान-ए-जंग” बताते हुए सभी क्रांतिकारी साथियों का स्वागत और अभिनंदन किया।

बैठक में प्रदेश महासचिव राजीव कुमार, प्रदेश सदस्य छोटे सिंह यादव, जिलाध्यक्ष के.के. यादव, जिला सचिव अजीत यादव, रुकमंगल सिंह, जिला कोषाध्यक्ष राजू शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जय सिंह शाक्य, जिला सचिव यशवंत सिंह बिसेन, विधानसभा अध्यक्ष हरमोहन सिंह, भुवनेश कुमार, राकेश श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।