फर्रूखाबाद में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 22 मई से शुरू होगा पहला चरण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अप्रैल 2026 जनपद फर्रूखाबाद में भारत की प्रस्तावित जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यह महत्वपूर्ण कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिसे दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रथम चरण के अंतर्गत मकानों की सूचीकरण एवं गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक (30 दिनों की अवधि में) किया जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण में जनसंख्या एवं जाति गणना का कार्य किया जाएगा।

जनगणना-2027 का संचालन नवागंतुक जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के निर्देशन में प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।

कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए 19 अप्रैल 2026 से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रत्येक प्रगणक और सुपरवाइजर को 3 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसे जनपद स्तर पर नियुक्त 64 फील्ड ट्रेनर संपन्न करा रहे हैं।

जनपद में इस कार्य के लिए कुल 4468 प्रगणक एवं सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इन कार्मिकों को प्रथम चरण के लिए ₹9000 तथा द्वितीय चरण के लिए ₹16000 का मानदेय दिया जाएगा। इस प्रकार, जनगणना कार्य पूर्ण होने पर प्रत्येक कार्मिक को कुल ₹25000 मानदेय मिलेगा।

अब तक 2317 प्रगणक एवं सुपरवाइजर को जनपद के 13 प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें मेजर एस.डी. सिंह यूनिवर्सिटी सबसे बड़ा प्रशिक्षण केंद्र है, जहां प्रतिदिन करीब 400 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वहीं, 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को देखते हुए इन तिथियों में प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित रखा गया है। शेष 2151 कार्मिकों को 28 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।