फर्रुखाबाद: कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत ई-लॉटरी से किसानों का चयन, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मार्च 2026 कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कृषि यंत्रों की बुकिंग के लिए ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया। यह प्रक्रिया कृषि यंत्रीकरण की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत की गई।

बैठक में उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र, जिला उद्यान अधिकारी के प्रतिनिधि श्याम सिंह, जिला गन्ना अधिकारी के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जगदीश मिश्रा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के प्रतिनिधि तथा समिति में विशेष सदस्य के रूप में नामित प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। इसके साथ ही कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले किसान भी बैठक में मौजूद रहे।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत जनपद को आवंटित लक्ष्य के आधार पर किसानों द्वारा कृषि यंत्रों की बुकिंग कराई जाती है। यदि किसी यंत्र के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो चयन के लिए ई-लॉटरी कराई जाती है, जबकि लक्ष्य के बराबर या कम आवेदन होने पर निदेशालय स्तर से ऑटो लॉटरी के माध्यम से आवेदन स्वीकृत किए जाते हैं।

जनपद में 7 किसानों एवं एफपीओ के विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए आवेदन लक्ष्य के बराबर अथवा कम होने के कारण उनका चयन निदेशालय स्तर से ऑटो लॉटरी के माध्यम से किया गया। वहीं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद स्तर पर हुई बुकिंग के आधार पर कृषि विभाग के पोर्टल से ई-लॉटरी निकाली गई। इसमें 5 प्रकार के यंत्रों के लिए कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से ई-लॉटरी के माध्यम से 6 किसानों का चयन किया गया।

ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों में नीरज कुमार (कस्टम हायरिंग सेंटर), नरसिंह (पावर टिलर), रघुनाथ सिंह (स्ट्रॉ रीपर), अजब सिंह (पावर वीडर), मीरा देवी (पावर ऑपरेटेड चाफ कटर) तथा रविंद्र सिंह (पावर ऑपरेटेड चाफ कटर) शामिल हैं।

इसके अलावा ऑटो लॉटरी के माध्यम से नीरज कुमार (किसान ड्रोन), नरेंद्र कुमार (पोटैटो डिगर), जय सिंह (पोटैटो प्लांटर व रोटावेटर), ओमप्रकाश (जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल), संजीव कुमार परिहार (मिनी राइस मिल) तथा कुइयंधीर प्राकृतिक कृषि फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (फार्म मशीनरी बैंक) का चयन किया गया।

जिलाधिकारी ने चयनित सभी किसानों को बधाई देते हुए कहा कि वे अच्छे मानक के कृषि यंत्र खरीदकर स्वयं उपयोग करें और आसपास के किसानों को भी किराये पर उपलब्ध कराएं, जिससे कृषि में आधुनिक तकनीक का विस्तार हो सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।

Leave a Comment