फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2026 किसानों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर सर्वजन सुखाय पार्टी ने शुक्रवार को तहसील सदर फर्रुखाबाद में प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 9 सूत्री ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में जमकर नारेबाजी भी की।
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं के समाधान के साथ शिक्षा, रोजगार, पेंशन और शराबबंदी सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार से कार्रवाई की मांग की।
खाद के लिए फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता खत्म करने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता के कारण किसानों को खाद खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने खाद लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की। इसके साथ ही खाद, बीज और कीटनाशकों की कथित नकली बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।
आलू किसानों को 500 रुपये प्रति पैकेट अनुदान की मांग
पार्टी ने कहा कि इस वर्ष आलू किसान भारी नुकसान में हैं। किसानों को राहत देने के लिए प्रति पैकेट 500 रुपये की अनुदान राशि दिए जाने की मांग की गई।
सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग
ज्ञापन में सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की मांग की गई। पार्टी का कहना है कि इन विद्यालयों में मुख्य रूप से गरीब, मजदूर, ग्रामीण और किसान परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना आवश्यक है।
शराबबंदी और पेंशन को लेकर भी उठाई आवाज
सर्वजन सुखाय पार्टी ने प्रदेश में शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। पार्टी का आरोप है कि शराब के कारण घरेलू विवाद, सड़क दुर्घटनाएं और अन्य सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
इसके अलावा ग्रामीणों और किसानों सहित प्रदेश के नागरिकों के लिए कम से कम 20 हजार रुपये प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन दिए जाने की मांग रखी गई।
रोजगार और आरक्षण के अनुपालन की मांग
पार्टी ने विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों पर आरक्षण का अनुपालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती कराने की मांग की। साथ ही बेरोजगार युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने तथा अग्निवीर योजना एवं आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली भर्ती को बंद करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
लिंक एक्सप्रेस-वे में किसानों के मुआवजे और जमीन बचाने की मांग
फर्रुखाबाद से होकर गुजरने वाले गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेस-वे को लेकर भी पार्टी ने किसानों की समस्याएं उठाईं। पार्टी ने प्रभावित किसानों की जमीन का मुआवजा बढ़ाने तथा एक्सप्रेस-वे के उतार-चढ़ाव छोटे किए जाने की मांग की, ताकि किसानों की अधिक से अधिक जमीन बचाई जा सके।
ज्ञापन में जौहर विश्वविद्यालय रामपुर के संबंध में भी सरकार से मांग रखी गई।
इस अवसर पर प्रदेश प्रमुख रामदास यादव, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष मनोज यादव, फर्रुखाबाद जिलाध्यक्ष सामोद यादव, जिला उपाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र, जिला उपाध्यक्ष विपिन सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
