फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता एवं विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि की गरिमामयी उपस्थिति में शनिवार को तहसील कायमगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनके निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 27, पुलिस विभाग की 21, विद्युत विभाग की 15, विकास विभाग की 13, आपूर्ति विभाग की 02, नगर पालिका/नगर पंचायत की 04 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें सहित कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी एवं विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ भी किया गया। इस केंद्र के माध्यम से आम लोगों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
