फर्रुखाबाद:कायमगंज में 24 घंटे के अंदर लूटकांड का खुलासा, 6.70 लाख रुपये बरामद; छह आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अगस्त 2026 कायमगंज क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी, सर्विलांस, कोतवाली कायमगंज एवं थाना शमसाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 6 लाख 70 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर व कारतूस तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के कुशल पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

गोदाम के गेट पर मुनीम को टक्कर मारकर लूटे थे रुपये

पुलिस के अनुसार, कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के पृथ्वी दरवाजा निवासी पंकज शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लालपुर कायमगंज स्थित नारायण दुबे एंड कंपनी के गोदाम के गेट के पास काले रंग की मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया और पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

मामले में 27 अगस्त 2026 को कोतवाली कायमगंज में मु0अ0सं0 223/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कायमगंज के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें गठित की गई थीं।

सीसीटीवी और साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की पहचान की। जांच में सात आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम शुक्ला निवासी पसिया चिलौली, मिथुन सक्सेना निवासी घसिया चिलौली, बॉबी निवासी जटवारा, विकास कश्यप उर्फ विक्की बाथम निवासी ग्राम इमरी थाना सिहोरा जनपद एटा, अभय सक्सेना निवासी पसिया चिलौली तथा अंग्रेज उर्फ राजकुमार निवासी उलियापुर, कायमगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में यश पुत्र सत्यप्रकाश उर्फ भूरे निवासी नोनियमगंज का नाम भी प्रकाश में आया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पूछताछ में सामने आई लूट की पूरी कहानी

पुलिस पूछताछ में आरोपी मिथुन ने कथित तौर पर बताया कि उसे और उसके साथियों को जानकारी थी कि गोदाम का मुनीम रुपये लेकर आता है। इसके बाद आरोपियों ने पहले रेकी की। घटना के दौरान कुछ आरोपी पेट्रोल पंप और गद्दी के पास खड़े होकर गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

आरोप है कि मौका मिलते ही मुनीम को रोककर उसके साथ मारपीट की गई और रुपये से भरा बैग लूट लिया गया। इसके बाद आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। पूछताछ में करीब आठ लाख रुपये की लूट की बात सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है, जबकि बरामदगी में 6.70 लाख रुपये पुलिस के हाथ लगे हैं।

तमंचा और कारतूस भी बरामद

गिरफ्तार आरोपी मिथुन सक्सेना के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 310(2), 317(3) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार आरोपी विकास कश्यप उर्फ विक्की बाथम के विरुद्ध पूर्व में भी कोतवाली कायमगंज में मु0अ0सं0 234/24, धारा 303(2)/317(2)/317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। वर्तमान लूट के मुकदमे में भी उसका नाम शामिल है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित थानों से जुटाई जा रही है।

इन टीमों ने की कार्रवाई

लूटकांड के खुलासे में कोतवाली कायमगंज पुलिस, थाना शमसाबाद पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीमों में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक इमरान फरीद, अरविंद कुमार, अरविंद यादव समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एसओजी टीम में उपनिरीक्षक संत कुमार, हेड कांस्टेबल करन, तेजप्रताप तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सर्विलांस टीम में हेड कांस्टेबल संदीप राज और कांस्टेबल राहुल शर्मा ने कार्रवाई में सहयोग किया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कायमगंज क्षेत्र में हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने से कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता सामने आई है।

Leave a Comment