फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में 1 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित कुल 79 निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि 79 योजनाओं में से 51 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 28 योजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का नियमानुसार हैंडओवर शीघ्र सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आमजन को उनका लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा करना प्राथमिकता में रखा जाए।
इसके साथ ही उन्होंने सभी अभियंताओं को अपने-अपने प्रोजेक्ट का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
