फर्रुखाबाद: चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कमालगंज पुलिस की कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कमालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्री आलोक सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री हरीश चंदर के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। थाना कमालगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 104/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत प्रकाश में आए अभियुक्त धर्मेन्द्र पुत्र जय सिंह निवासी नगरिया देवधरापुर थाना कमालगंज को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (UP 76 X 7483) सुपर स्प्लेंडर बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि 16 अप्रैल 2026 को वादी देवेन्द्र राजपूत निवासी ग्राम फतेहउल्लापुर द्वारा अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बाइक चोरी की तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने 28 मार्च 2026 को ग्राम नौगवां में शिव मंदिर के पास भंडारे के दौरान बाइक चोरी की थी और उसे बेचने के लिए कानपुर ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें आबकारी अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भूकेन्द्र कुमार, कांस्टेबल हिमांशु और कांस्टेबल तेजवीर सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस द्वारा बरामद बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।