फर्रुखाबाद:(द दस्तक न्यूज़) 26 जनवरी 2026 जनपद स्थित AIMRAH (ऐमराह) मुख्यालय पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के सभी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर, पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में AIMRAH के पांचों बोर्ड ऑफ डायरेक्टर—राजकमल सिंह (चेयरपर्सन), अर्पित शाक्य (सीईओ), धर्मवीर सिंह (डायरेक्टर जनरल), सचिन कुशवाहा (सीएफओ) एवं आकाश सिंह (सीएचआरओ) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की शुरुआत AIMRAH मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ हुई। तिरंगा धर्मवीर सिंह (डायरेक्टर जनरल AIMRAH), कालीचरन शाक्य (वरिष्ठ समाजसेवी) एवं पुष्पराज शाक्य (वरिष्ठ समाजसेवी) द्वारा संयुक्त रूप से फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर भारत माता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर “महात्मा गांधी अमर रहें”, “डॉ. भीमराव अंबेडकर अमर रहें”, “भगत सिंह अमर रहें”, “सुखदेव अमर रहें”, “राजगुरु अमर रहें” एवं “चंद्रशेखर आजाद अमर रहें” जैसे गगनभेदी नारों के माध्यम से देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माता महापुरुषों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर AIMRAH संस्था की ओर से यह संकल्प भी व्यक्त किया गया कि भविष्य में प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) एवं 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) जैसे राष्ट्रीय पर्व नियमित रूप से AIMRAH मुख्यालय पर मनाए जाएंगे। साथ ही महापुरुषों की जयंती एवं शहादत दिवस पर सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को देशभक्ति, संविधान और सामाजिक समरसता के मूल्यों से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और आयोजन की सराहना की। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ।
