फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मई 2026 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, फर्रुखाबाद के प्रधानाचार्य द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत जनपद के शिक्षित एवं रोजगारोन्मुख युवाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
योजना के अंतर्गत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा अथवा स्नातक उत्तीर्ण किया हो। इच्छुक अभ्यर्थी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से चयनित युवाओं को देश के 19 विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों की लगभग 500 शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप अवधि के दौरान न्यूनतम 9000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता एक वर्ष तक प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण करने पर 6000 रुपये की एकमुश्त अनुदान राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पोर्टल स्वतः उनका बायोडाटा तैयार करेगा। इसके बाद संबंधित कंपनियां अपने चयन मानकों के अनुसार उम्मीदवारों का चयन कर इंटर्नशिप ऑफर जारी करेंगी।
प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने जनपद के सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा दे सकें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा योजना के आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।
