फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय लोक अदालत (14 मार्च) को लेकर तैयारी बैठक सम्पन्न, अधिक मामलों के निस्तारण के निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 फरवरी 2026 कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद में आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नीरज कुमार के निर्देशन में एडीआर भवन में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती प्रियंका गांधी द्वारा किया गया।

बैठक में लघु आपराधिक मामलों तथा धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। अध्यक्ष महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम मामलों को चिन्हित कर उनका विवरण समय से प्रस्तुत किया जाए, ताकि लोक अदालत के माध्यम से त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

अब तक की प्रगति के अनुसार धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित 03 मामलों तथा लघु आपराधिक मामलों से संबंधित 137 मामलों को चिन्हित किया जा चुका है।

बैठक में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री घनश्याम शुक्ला, अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र कुमार, सिविल जज एवं अन्य न्यायिक अधिकारी—श्री युगुल शम्भू, श्री जयवीर सिंह, श्री आकाश गुप्ता, श्रीमती ओमश्री चौरसिया, श्री हिमांशु नौटियाल, सुश्री मुस्कान, सुश्री शोभा रानी, श्री प्रशान्त कौशिक, सुश्री दीपिका रानी, सुश्री शिवानी सिंह, श्रीमती इशिता सिंह, सुश्री ज्योति सागर, श्रीमती गुलफ्सा, सुश्री स्वेता कश्यप, सुश्री अनामिका यादव तथा विशेष जेएम श्री बलवीर सिंह यादव सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक मामलों के आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।