फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मार्च 2026 उद्यान विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद के किसानों से आलू के सुरक्षित भंडारण को लेकर महत्वपूर्ण अपील की गई है। निदेशालय उद्यान विभाग, उद्यान भवन लखनऊ के पत्रांक-450/Potato Storage/2025-26 दिनांक 16 मार्च 2026 के अनुसार जनपद में संचालित निजी शीतगृहों में इस समय लगभग 70 से 75 प्रतिशत आलू का भंडारण किया जा चुका है।
जनपद में कुल शीतगृहों की भंडारण क्षमता लगभग 10,57,404.43 मीट्रिक टन है। बढ़ते तापमान को देखते हुए उद्यान विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों से खुदाई के बाद आलू को खुले में अधिक समय तक न रखें, बल्कि समय रहते नजदीकी शीतगृह में भंडारण करा दें।
अधिकारियों के अनुसार तापमान बढ़ने के कारण आलू में सड़न और दाग लगने की संभावना अधिक हो जाती है, जिससे उसकी गुणवत्ता खराब हो सकती है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। यदि आलू को समय से शीतगृह में सुरक्षित रखा जाए तो उसकी गुणवत्ता बनी रहती है और किसान अनुकूल बाजार भाव मिलने पर उसे निकालकर बिक्री कर सकते हैं।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, फर्रुखाबाद ने सभी किसानों से अपील करते हुए कहा है कि अपने आलू की खुदाई के बाद शीघ्र ही नजदीकी शीतगृह में भंडारण कराएं, जिससे उपज को खराब होने से बचाया जा सके और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर अधिक लाभ कमाया जा सके।
