फर्रुखाबाद: त्योहारों से पहले फतेहगढ़ में पुलिस का सख्त पहरा, एसपी ने किया पैदल गश्त

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मार्च 2026 आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह फतेहगढ़ ने कोतवाली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी आरती सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय तथा कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख मार्गों, सर्राफा बाजार और अन्य सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को परखा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गश्त के दौरान बाजारों में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।

प्रशासन की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Leave a Comment