फर्रुखाबाद: पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’, गांव-गांव पहुंचकर लोगों से करेगी सीधा संवाद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2026 जनपद में आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से दिनांक 27 जून 2026 से “ऑपरेशन ग्राम संवाद” अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर के निर्देशन, श्री यमुना प्रसाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज, कानपुर एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत जनपद के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गांव, कस्बों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सरकारी संस्थानों में पहुंचकर आम जनमानस से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान बीट पुलिस अधिकारी, उपनिरीक्षक एवं निरीक्षक ग्राम स्तर पर जनसंवाद कर क्षेत्रीय सूचनाओं को अद्यतन करेंगे तथा सी-प्लान एप्लिकेशन पर उपलब्ध सूचनाओं का भी सत्यापन एवं अपडेट किया जाएगा।

ऑपरेशन ग्राम संवाद के माध्यम से थाना स्तर पर संचालित ग्राम अपराध रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को अद्यावधिक किया जाएगा। साथ ही ग्रामवासियों से इन अभिलेखों का सत्यापन भी कराया जाएगा, जिससे अपराध संबंधी सूचनाओं का सटीक संकलन हो सके।

इसके अतिरिक्त कस्बों और मोहल्लों में प्रचलित छोटे-छोटे विवादों की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर उनका तत्काल निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध खनन में संलिप्त रहे अपराधियों की पहचान कर उन्हें पुनः अपराध की दुनिया में शामिल न होने के लिए प्रेरित एवं निर्देशित करेगी।

पुलिस विभाग का कहना है कि बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे आम जनता को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Comment