मिश्रिख/सीतापुर। तहसील चौराहा से नगर पालिका होते हुए बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर नाले की सफाई न होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाले में कूड़ा-कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित है और गंदा पानी सड़क से होते हुए आसपास की दुकानों में घुस रहा है।स्थानीय लोगों पूरन शर्मा, रोशन, विजय पाल, मोनू, हिमांशु वर्मा, अशोक, मलाउ, संजय और इरफान ने बताया कि नाले की काफी समय से सफाई नहीं हुई है। पानी भरने के कारण दुकानदारों को अपनी दुकानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। कई बार लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत नगर पालिका में कई बार की जा चुकी है, लेकिन अभी तक नाले की उचित सफाई नहीं कराई गई। जलभराव के कारण दुकानदारों को सामान खराब होने और ग्राहकों के आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई कराने, कचरा हटाने और पानी की निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई करा दी जाए तो दुकानों में पानी भरने की समस्या से राहत मिल सकती है।
सीतापुर:नाले की सफाई न होने से दुकानों में घुस रहा गंदा पानी, जलभराव से लोग परेशान_
