फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 मार्च 2026 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के गरिमामयी अवसर पर जनपद फतेहगढ़ में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें जनपद के समस्त विवेचकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों के मामलों में पुलिस अधिकारियों को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गोष्ठी में यह भी निर्देशित किया गया कि महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों में पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में तत्परता से कार्रवाई की जाए। साथ ही अभियोगों से संबंधित आवेदकों और पीड़ितों की मौके पर काउंसलिंग कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।
इस अवसर पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए और महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति पर चर्चा की।
