फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 फरवरी 2026 भारतीय कृषक एसोसिएशन की राष्ट्रीय पंचायत आज मुन्नालाल सक्सेना के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सचिव रामवीर जाटव द्वारा किया गया।
पंचायत में सर्वप्रथम मुन्नालाल सक्सेना को वरिष्ठ प्रवक्ता का नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही रामलाल गुप्ता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बिंदु सिंह गंगवार को महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय महासचिव तथा पंडित गोपाल तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष का नियुक्ति पत्र दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले साप्ताहिक हाट-बाजारों में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गांव पितौरा सहित कई स्थानों पर किसानों की सुविधा के लिए लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को कायमगंज एसडीएम द्वारा नहीं लगने दिया जा रहा है। यदि सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश है तो उसकी प्रति संगठन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा हाट बाजारों में बाधा जारी रहने पर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
पंचायत में महंगाई, भ्रष्टाचार, यूरिया खाद की कमी, बिजली बिलों की गलत रीडिंग, झूठे बिजली चोरी के मुकदमे, तहसील कायमगंज में विरासत दर्ज न होने तथा एसडीएम कोर्ट में लंबित मामलों सहित कई समस्याओं पर चर्चा की गई। संगठन ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, आवारा पशुओं को पकड़ने, सभी किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा बाजारों में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण लगाने की मांग की। साथ ही तहसील कायमगंज के एसडीएम अतुल कुमार को हटाने की मांग भी उठाई गई।
संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इन मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो भारतीय कृषक एसोसिएशन जनपद फर्रुखाबाद सहित पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, वरिष्ठ प्रवक्ता मुन्नालाल सक्सेना, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामलाल गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामवीर जाटव, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिंदु सिंह गंगवार, तहसील अध्यक्ष महिपाल सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विनीत सक्सेना, प्रताप सिंह गंगवार, श्योराज सिंह शाक्य सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
