फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 जनपद के रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान सांसद मुकेश राजपूत ने कालिंदी एक्सप्रेस को लेकर चल रही चर्चाओं और यात्रियों की चिंताओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभी तक ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है, जिसके आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाए।
पत्रकारों द्वारा कालिंदी एक्सप्रेस के संचालन और संभावित बदलावों को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में सांसद ने कहा कि कुछ लोग बिना किसी ठोस आधार के छोटी बात को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की।
सांसद ने कहा, “टिल का ताड़ न बनाइए। अभी ऐसा कुछ नहीं हुआ है कि लोग अनावश्यक चिंता करें। जब तक कोई आधिकारिक निर्णय नहीं होता, तब तक अटकलों पर विश्वास करने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों में यात्रियों की सुविधाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सांसद ने कहा कि रेलवे अधिकारी अपने विभागीय दृष्टिकोण से जानकारी देते हैं, जबकि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी जनता के हितों की रक्षा करना है।
मुकेश राजपूत ने कहा कि यदि भविष्य में किसी रूट या संचालन व्यवस्था में कोई बदलाव प्रस्तावित होता है तो यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को अनदेखा नहीं किया जाएगा और रेलवे से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण विषय पर लोगों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सांसद के इस बयान के बाद कालिंदी एक्सप्रेस को लेकर चल रही अटकलों के बीच यात्रियों को कुछ राहत मिली है। फिलहाल रेलवे की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
