फर्रुखाबाद:बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक सुशील शाक्य, राहत सामग्री वितरित कर ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2026 अमृतपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्यों के बीच अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित ग्राम कुडरी, सारंगपुर एवं करनपुर घाट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

विधायक ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही बाढ़ राहत सामग्री प्रभावित परिवारों के बीच वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए बाढ़ की स्थिति, खाद्य सामग्री, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संबंधित स्तर पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। राहत एवं सहायता कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशासन और सरकार द्वारा हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है और हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहना उनका दायित्व है। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा जरूरत के अनुसार राहत कार्यों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

विधायक के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Leave a Comment