कासगंज :पटियाली थाना क्षेत्रांतर्गत पेड़ काटते समय माली की पेड़ से गिरने पर मौत

पटियाली के गढ़िया ताजपुर में नीम का पेड़ काटते समय हादसा, पेड़ से गिरकर माली की मौत, चौकीदार गंभीर घायल

कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़िया ताजपुर में शुक्रवार की शाम नीम का पेड़ काटते समय हुए दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़ी खड़ेई निवासी 46 वर्षीय दिनेश पुत्र रामसनेही तथा ग्राम गढ़िया ताजपुर निवासी 38 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र श्रीकृष्ण नीम का पेड़ काट रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीण दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि दिनेश कस्बा भरगैन स्थित हज्जिन सादिका बेगम डिग्री कॉलेज में माली के पद पर कार्यरत थे, जबकि शैलेंद्र उसी कॉलेज में चौकीदार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना पर पटियाली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह, गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम तथा नायब तहसीलदार मुकेश कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस टीम गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Comment