फर्रुखाबाद:बाल श्रम और बाल विवाह रोकने को सख्ती, डीएम ने दिए अभियान तेज करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2026 जनपद में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जिला टास्क फोर्स तथा बाल विवाह-डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि जनपद के होटल, ढाबों और कारखानों में बाल श्रमिकों की रोकथाम के लिए श्रम विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम कराने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने एआरटीओ को भी गंभीरता और सघनता के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा स्कूटी, किसी भी प्रकार के वाहन अथवा ई-रिक्शा चलाते हुए पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में हर माह बाल विवाह रोकथाम को लेकर एक गोष्ठी आयोजित की जाए। इन गोष्ठियों के माध्यम से बच्चों को बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों और इसके कानूनी प्रावधानों के संबंध में जागरूक किया जाए।

प्रशासन ने आमजन से भी बाल विवाह की सूचना तत्काल देने की अपील की है। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी नंबर 112 अथवा विभागीय सीयूजी नंबर 7518024057 पर सूचना दी जा सकती है।

बैठक में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के लंबित आवेदन पत्रों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदन पत्रों का उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी द्वारा सत्यापन कराकर समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार गौड़, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, सीओ अजय वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एआरटीओ, सहायक श्रमायुक्त, समस्त खंड विकास अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment