फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अप्रैल 2026 जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मोहल्ला चिलपुरा स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में महिला आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना ने की।
बैठक के दौरान डॉ. शोभा सक्सेना ने सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से लोगों को डायरिया से बचाव के बारे में सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों की देखभाल एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और थोड़ी सी लापरवाही उन्हें डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों का शिकार बना सकती है।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि यदि बच्चों को दिन में दो से तीन बार से अधिक पानी जैसे पतले दस्त हो रहे हों, तो तुरंत नजदीकी आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। साथ ही आशा द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस का सेवन निर्धारित मात्रा में कराना बेहद जरूरी है, ताकि शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) न हो।
बैठक में डायरिया रोकथाम, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने लोगों से साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस अवसर पर पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) से अनुपम मिश्र, एएनएम योगेंद्रवती, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष उर्मिला, आशा कार्यकर्ता प्रीति चौहान समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
