फर्रुखाबाद: ग्रीष्म ऋतु में अग्निकांड से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, जारी की गई एडवाइजरी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अप्रैल 2026 जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। विशेष रूप से गेहूं की फसल के समय खेतों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने आमजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में लापरवाही के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अग्निकांड की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं। इन्हें रोकने के लिए सभी नागरिकों को सावधानी बरतना आवश्यक है।

⚠️ प्रमुख सावधानियां

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि—फसल कटने के बाद खेतों में अवशेष (पराली) न जलाएं। तेज हवा के समय चूल्हा या भट्ठी का प्रयोग न करें। जलती माचिस, बीड़ी या सिगरेट को इधर-उधर न फेंकें। खाना बनाते समय ढीले-ढाले या पॉलिस्टर के कपड़े पहनने से बचें। बच्चों की पहुंच से माचिस, स्टोव और ज्वलनशील पदार्थ दूर रखें। गैस सिलेंडर और चूल्हे के पास ज्वलनशील सामग्री न रखें। घरों में बिजली उपकरणों की नियमित जांच करें और एमसीबी लगवाएं।

🚒 आग लगने पर क्या करें

आग लगने की स्थिति में तुरंत बाहर निकलें और सुरक्षित स्थान पर जाएं। इमारत में आग लगने पर निकास मार्ग और सीढ़ियों का उपयोग करें। यदि कपड़ों में आग लग जाए तो “स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल” तकनीक अपनाएं। धुएं से बचने के लिए नीचे झुककर चलें और मुंह को गीले कपड़े से ढकें। पेट्रोलियम पदार्थों से लगी आग को पानी से नहीं, बल्कि बालू या फायर एक्सटिंग्विशर से बुझाएं। जलती हुई इमारत में दोबारा प्रवेश न करें।

🌾 किसानों के लिए विशेष निर्देश

ट्रांसफार्मर के आसपास लगभग 3 मीटर क्षेत्र में फसल पहले ही काट लें। खेतों में आग से बचाव के लिए सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध स्थिति पर तुरंत सूचना दें।

📞 आपातकालीन नंबर

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें—

एंबुलेंस: 102 / 108, पुलिस: 112, अग्निशमन सेवा: 101, आपदा हेल्पलाइन: 1077 इसके अलावा जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और फायर स्टेशन फतेहगढ़ के नंबर भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इन दिशा-निर्देशों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यह एडवाइजरी जनहित में जारी की गई है, ताकि गर्मी के मौसम में होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके।