फर्रुखाबाद: महिला आरोग्य समिति निभाएगी डायरिया नियंत्रण में अहम भूमिका, बच्चों को दिया गया बचाव का संदेश

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 मई 2026 आगामी 16 जून से शुरू होने वाले “डायरिया रोको अभियान” को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत शहर के मोहल्ला कूंचा भवानी दास में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र रकाबगंज की चिकित्साधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना की अध्यक्षता में महिला आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में महिला आरोग्य समिति की सदस्यों को डायरिया नियंत्रण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान खेल-खेल में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से बचाव का संदेश भी दिया गया।बैठक के दौरान डायरिया से पीड़ित दो बच्चों को ओआरएस और जिंक की निर्धारित मात्रा उपलब्ध कराई गई तथा उनके सही उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा उपस्थित लोगों को टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन के साधनों और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।डॉ. शोभा सक्सेना ने कहा कि बच्चों की सही देखभाल और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि वे डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने बताया कि यदि बच्चे को दिन में दो या तीन बार से अधिक पानी जैसी पतली दस्त हो तो तुरंत आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर ओआरएस और जिंक की गोली निर्धारित मात्रा में देना शुरू कर देना चाहिए। इससे बच्चे के शरीर में पानी की कमी नहीं होती और गंभीर स्थिति से बचाव संभव होता है।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि 16 जून से शुरू होने वाले डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने के लिए जनसामान्य का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि बच्चों को डायरिया जैसी जानलेवा बीमारी से बचाया जा सके।बैठक में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) से अनुपम मिश्र, एएनएम योगेंद्रवती, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष कोमल, आशा पारुल सहित कई लोग उपस्थित रहे।