फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे भूमि विवाद: भाकियू टिकैत ने कोटेदार बहाली और एसडीएम हटाने की मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण के मामले में जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। संगठन ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे के लिए जमीन का बैनामा न करने पर एक कोटेदार का राशन कोटा बिना कारण बताए निलंबित कर दिया गया है। साथ ही एसडीएम कायमगंज को तत्काल तहसील से हटाने की मांग भी की गई।

भाकियू टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत गुतासी निवासी अरविंद गंगवार पिछले 34 वर्षों से कोटेदार हैं और भारतीय किसान यूनियन टिकैत में जिला संगठन मंत्री के पद पर भी कार्यरत हैं। संगठन का आरोप है कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए जिला प्रशासन उनकी जमीन जबरन लेना चाहता है और इसके लिए उन्हें कई दिनों से दबाव एवं धमकियां दी जा रही थीं।

ज्ञापन में कहा गया कि 29 मई को अमृतपुर तहसील में आयोजित किसान धरना प्रदर्शन के दौरान इस मामले से अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह को भी अवगत कराया गया था। उस समय एडीएम ने आश्वासन दिया था कि किसी भी किसान से दबाव बनाकर जमीन नहीं ली जाएगी। इसके बावजूद 23 जून को जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने अरविंद गंगवार को बुलाकर उनके खिलाफ शिकायत होने की बात कहते हुए उनका कोटा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

भाकियू नेताओं का आरोप है कि जब अरविंद गंगवार ने शिकायत की लिखित प्रति मांगी तो अधिकारियों ने उसे उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया और उन्हें निलंबन आदेश की प्रति सौंप दी। संगठन का दावा है कि अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बैनामा कर दिया जाए तो कोटा बहाल हो सकता है।

इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने एसडीएम कायमगंज अतुल कुमार सिंह के खिलाफ भी मोर्चा खोला। संगठन का आरोप है कि एसडीएम किसानों के कार्यों के प्रति उदासीन हैं तथा किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि तहसील क्षेत्र के कई भूमि विवादों का समय से निस्तारण नहीं किया गया, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।

भाकियू ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अरविंद गंगवार के कोटे के निलंबन की निष्पक्ष जांच कर उसे बहाल किया जाए तथा किसानों की समस्याओं को देखते हुए एसडीएम कायमगंज को तत्काल तहसील से हटाया जाए।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत और अर्पित गंगवार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment