फर्रुखाबाद:दीपचंद्र शाक्य हत्याकांड में जन अधिकार पार्टी ने सौंपा ज्ञापन, अनाथ पुत्र के लिए आर्थिक सहायता की मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2026 जन अधिकार पार्टी (JAP) के पदाधिकारियों ने ग्राम चिलसरी, थाना कायमगंज निवासी स्वर्गीय दीपचंद्र शाक्य की हत्या के मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच कराने तथा मृतक के छह वर्षीय पुत्र के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम चिलसरी निवासी दीपचंद्र शाक्य की कुछ दबंगों द्वारा कथित रूप से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। मृतक अपने पीछे एक छह वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं, जो अब अनाथ हो गया है। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि बच्चे के भविष्य को देखते हुए उसे राजकीय आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

इसके अलावा, ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आरोपित पक्ष के परिजन मृतक के परिवार को लगातार धमका रहे हैं। जन अधिकार पार्टी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की।

जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान जन अधिकार पार्टी के कानपुर मंडल अध्यक्ष सुदेश शाक्य, जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य, जिला उपाध्यक्ष राम अवतार कुशवाहा, विधानसभा अध्यक्ष कायमगंज डॉ. केपी शाक्य, जिला सचिव शेष कुमार शाक्य, अधिवक्ता प्रकोष्ठ जिला प्रभारी संजीव शाक्य, अधिवक्ता प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बृजेश कुशवाहा, सुरेश कठेरिया, उमेश पाल, सैयद खान, हारून, राकेश बाथम, राहुल बाथम, राधे वर्मा सहित बड़ी संख्या में चिलसरी ग्रामवासी मौजूद रहे।

पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन पीड़ित परिवार की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित कार्रवाई करेगा।

Leave a Comment