Friday, 30 October 2026 | 8:30 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में विधिक साक्षरता कार्यक्रम, 1 नवंबर के मेगा विधिक सहायता शिविर की दी जानकारी

फर्रुखाबाद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को 1 नवंबर 2026 के मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता और मध्यस्थता अभियान 3.0 की जानकारी दी गई।
Share:
फर्रुखाबाद में विधिक साक्षरता कार्यक्रम, 1 नवंबर के मेगा विधिक सहायता शिविर की दी जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 15 अक्टूबर 2026 माननीय जनपद न्यायाधीश, फर्रुखाबाद के आदेश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 15 अक्टूबर 2026 को जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में थाना कमालगंज क्षेत्र में पराविधिक स्वयंसेवक यशपाल सिंह एवं ललित कुमार तथा बढ़पुर, थाना कादरी गेट एवं विकास खंड बढ़पुर क्षेत्र में पराविधिक स्वयंसेवक सरिता दुबे, अनीता बौद्ध, निधि राजपूत एवं सत्यपाल द्वारा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों में ग्रामीणों को बताया गया कि 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को विधिक सेवाओं तथा विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना है।

इस दौरान महिला सशक्तीकरण, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण, दिव्यांगजनों, निर्धन एवं कमजोर वर्गों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं अन्य विधिक सेवाओं की उपलब्धता के बारे में भी जागरूक किया गया।

पराविधिक स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को मध्यस्थता अभियान 3.0 के संबंध में भी जानकारी दी। बताया गया कि यह अभियान 1 अगस्त 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराना तथा पक्षकारों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।

ग्रामीणों को बताया गया कि मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न शासकीय विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें अनुमन्य लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद द्वारा आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य जनसामान्य तक विधिक सेवाओं, अधिकारों एवं शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाना है।