फर्रुखाबाद:नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस का जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जनवरी 2026 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन) एवं 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा इनका सही समय पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान महिला-संबंधी अपराधों की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या अन्य अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना भय के पुलिस से संपर्क करें। पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया गया कि कानून महिलाओं के साथ है और हर परिस्थिति में उनकी सहायता के लिए तत्पर है।

स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि महिलाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन की भावना और अधिक मजबूत हो सके।