फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 फरवरी 2026 अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर श्री हरीश चन्दर के कुशल पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले शातिर गिरोह के दो अभियुक्तों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है।
कोतवाली मोहम्मदाबाद पर पंजीकृत मु0अ0सं0 27/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त दिनेश उर्फ करू तथा नरेन्द्र उर्फ लम्बे, दोनों निवासी ग्राम गणेशपुर गढ़िया, को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से भैंस चोरी कर बेचने के बाद प्राप्त कुल 3850 रुपये, 02 देशी तमंचे, 02 जिन्दा कारतूस (315 बोर) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज किया गया है।
घटना का विवरण
वादी श्री धनीराम पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम कुम्हौली, कोतवाली मोहम्मदाबाद द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर भैंस चोरी की घटना में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे चोरी की गई भैंसों को बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे तथा अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचे रखते थे।
अपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश उर्फ करू और नरेन्द्र उर्फ लम्बे दोनों के खिलाफ कोतवाली मोहम्मदाबाद में हत्या, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं, जिससे उनकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।
पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक श्री अनिल सिकरवार, कांस्टेबल अंकुल कुमार एवं कांस्टेबल अजय तेवतिया शामिल रहे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
