फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), जिला फर्रुखाबाद, आकांक्षा समिति फर्रुखाबाद एवं जे एस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट बघार के संयुक्त तत्वावधान में “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” थीम के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता एवं जल संरक्षण पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन “हाइड्रेटिंग लाइफ: इनोवेशन इन वॉटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट” विषय पर संस्थान के डायरेक्टर डॉ. शैलेंद्र यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अत्यधिक मोबाइल और स्क्रीन उपयोग से दूर कर उन्हें शारीरिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जल संरक्षण, स्वच्छ जल के महत्व और नवाचार के माध्यम से सतत विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में बढ़ता स्क्रीन टाइम युवाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है, इसलिए युवाओं को खेल, योग और सामाजिक गतिविधियों में अधिक समय देना चाहिए।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मुख्य अतिथि के रूप में नेपाल से आए छितराज न्यौपाने तथा एबीवीपी कानपुर प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री मनीष जी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सतत विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यार्थी परिषद से जुड़कर विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता के रूप में नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर लखनऊ की संस्कृत विभाग की प्रोफेसर एवं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष प्रो. वंदना द्विवेदी ने भारतीय ज्ञान परंपरा में जल, जंगल, जमीन, जन और जानवर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैदिक काल से ही मानव और पर्यावरण के बीच गहरा संबंध रहा है, जो आज भी अनुकरणीय है। उनका मानना है कि पर्यावरणीय चिंतन शाश्वत है और यह वैश्विक कल्याण से जुड़ा हुआ है।
एसडीएफ प्रमुख डॉ. इंद्रेश शुक्ल ने जल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों और पर्यावरण संरक्षण के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी तथा युवाओं को इस दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरणविद् गुंजा जैन ने जल एवं मृदा संरक्षण तथा प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की डॉ. ज्योति गुप्ता, श्रद्धा दुबे, साक्षी गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
अंत में डॉ. शिवांगी यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
