फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत संचालित “राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, समिति के दायित्वों एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शासनादेश के अनुसार गठित जनपद स्तरीय समिति में जिलाधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी को समिति का सदस्य सचिव नामित करते हुए उन्हें अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में निर्देशित किया गया कि जनपद में पाण्डुलिपियों के चिन्हीकरण एवं सर्वेक्षण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। इसके अंतर्गत निजी एवं सरकारी पुस्तकालयों, संग्रहालयों, शिक्षण संस्थानों, संस्कृत पाठशालाओं, मंदिरों, मठों, आश्रमों, गुरुकुलों, ट्रस्टों एवं अन्य संभावित स्थलों पर उपलब्ध पाण्डुलिपियों का सर्वेक्षण आगामी तीन माह में पूर्ण किया जाएगा।
सर्वेक्षण कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों के कार्मिकों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों को सर्वेक्षक के रूप में नामित किया जाएगा। विशेष रूप से संस्कृत, प्राचीन भाषाओं, इतिहास एवं पुरातत्व से जुड़े विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान में तकनीकी सहयोग के लिए “GYAN BHARATAM APP” मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा, जिससे सर्वेक्षण कार्य को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही, अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभिन्न मीडिया माध्यमों—समाचार पत्र, टीवी, एफएम रेडियो, सिनेमा एवं सोशल मीडिया—का सहारा लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्य विकास अधिकारी प्रत्येक 15 दिनों में अभियान की प्रगति की समीक्षा करें और रिपोर्ट राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी को नियमित रूप से भेजी जाए, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
