फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 अखिलेश यादव के निर्देशानुसार गठित समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आज पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मछरट्टा स्थित आवास का दौरा किया। मौके पर पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि पुलिस द्वारा पूर्व विधायक के आवास को सील कर दिया गया है, जिससे परिवार को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं जैसे कपड़े आदि तक निकालने की अनुमति नहीं दी गई है।
बताया गया कि पूर्व विधायक की पत्नी एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती दमयंती सिंह इस समय लखनऊ में अपने घायल बेटों का इलाज करा रही हैं, जिससे परिवार को और भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय हुआ है। उनका आरोप है कि बिना उचित जांच के ही मुकदमा दर्ज कर आवास को सील कर दिया गया, जिससे परिवार के सामने रोजमर्रा की समस्याएं खड़ी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक श्रीमती उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य, अमृतपुर के पूर्व प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, कायमगंज के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर और महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष बृजेश पाल, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य, जिला सचिव विनीत परमार तथा समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल यादव समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को राहत देने की अपील की है।
