फर्रुखाबाद: जीआरपी ने छात्र-छात्राओं को कराया पुलिस कार्यप्रणाली व सुरक्षा उपायों से अवगत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मार्च 2026 को जीआरपी थाना फर्रुखाबाद द्वारा जागरूकता अभियान के तहत कृष्णा पब्लिक स्कूल एवं के.आर. रस्तोगी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी उपकरणों और अपराध नियंत्रण की प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान जीआरपी टीम ने बॉडी बॉर्न कैमरा, ड्रोन कैमरा, सीसीटीएनएस, वायरलेस हैंडसेट, डॉग स्क्वाड, एसएचएमडी, डीएचएमडी, बीबीडीएस और अन्य संचार उपकरणों के उपयोग और महत्व को समझाया। साथ ही “मिशन शक्ति अभियान 5.0” के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

छात्र-छात्राओं को विषम परिस्थितियों में सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 139, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जागरूक किया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों को रेलवे स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्यों को करीब से समझा। इस दौरान यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार न करने, ओवरब्रिज का उपयोग करने, तथा ट्रेन की छत, खिड़की, दरवाजे या पैरदान पर बैठकर यात्रा न करने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही ट्रेन में विस्फोटक सामग्री, ज्वलनशील पदार्थ या अस्त्र-शस्त्र लेकर यात्रा न करने की सख्त हिदायत दी गई।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक जीआरपी थाना फर्रुखाबाद श्री शेर सिंह, मुख्य आरक्षी भगत सिंह (RPF) एवं महिला आरक्षी नीतू सिंह (RPF) सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

यह जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ, जिससे उन्हें सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।