फर्रुखाबाद:कायमगंज में वृद्ध दम्पत्ति हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; बिजली के तार से की थी हत्या

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मार्च 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने वृद्ध दम्पत्ति की निर्मम हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (बिजली का तार) भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में कोतवाली कायमगंज पुलिस ने मु0अ0सं0 51/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज इस मामले में तेजी से जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।

क्या है पूरा मामला

घटना दिनांक 27 फरवरी 2026 की है, जब एटा जनपद के थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर लाल सहाय निवासी विमल कुमार ने कोतवाली कायमगंज में तहरीर दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके सास-ससुर की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जितेन्द्र पुत्र स्व. मुरारी लाल गुप्ता निवासी मोहल्ला बगिया, कायमगंज का नाम सामने आया। पुलिस ने 25 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले 8 वर्षों से मृतक दम्पत्ति के घर पर रह रहा था और उनकी सेवा करता था। दम्पत्ति ने उसे मकान देने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में मकान खाली करने को कह दिया।

आरोपी को यह भी जानकारी मिली कि दम्पत्ति अपना मकान करीब 30 लाख रुपये में बेचने वाले हैं। इसी बात से नाराज होकर उसने बिजली के तार से दोनों की हत्या कर दी।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बिजली का तार बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरे मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, निरीक्षक सुरजीत सिंह, हेड कांस्टेबल रत्नेश कुमार और कांस्टेबल आर्य चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।