फर्रुखाबाद:नरौरा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा गंगा का जलस्तर, डीएम ने अजीजाबाद, शरणालय और ढाईघाट का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2026 जनपद में नरौरा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को कायमगंज तहसील के शमसाबाद विकासखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले बाढ़ प्रभावित अजीजाबाद गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरत के अनुसार तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न, पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

50 बाढ़ प्रभावित परिवारों को बांटी राहत सामग्री

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अजीजाबाद में 50 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गांव में नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रत्येक तीन दिन के अंतराल पर चिकित्सा शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों और उनके पशुओं को समय से उपचार मिल सके। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों के माध्यम से गांव के बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासनिक सहायता के लिए ग्राम प्रधानों के लगातार संपर्क में रहें और जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

शमसाबाद मंडी के शरणालय का भी लिया जायजा

इसके बाद जिलाधिकारी ने शमसाबाद मंडी में संचालित शरणालय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को शरणालय में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित लोगों को समय से भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नाव, नाविक और राहत उपकरणों की उपलब्धता पर ली जानकारी

जिलाधिकारी ने गंगा नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए नावों, नाविकों, राहत एवं बचाव उपकरणों तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों की उपलब्धता की भी जानकारी ली।

इसके बाद डीएम ढाईघाट, शमसाबाद पहुंचे और गंगा नदी के जलस्तर तथा आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई, प्रशासन की बाढ़ पर पैनी नजर

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर जिला प्रशासन की पैनी नजर है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कायमगंज, खंड विकास अधिकारी शमसाबाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment