फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2026 थाना शमसाबाद में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 5 शिकायतें राजस्व विभाग तथा 2 शिकायतें पुलिस विभाग से संबंधित थीं। अधिकारियों ने 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष 5 शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे। प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर पहुंचें और समस्या का प्रभावी समाधान कराएं।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सहज, पारदर्शी एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किए जाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
