फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2026 जनपद में कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ गिरीश कुमार सिंह द्वारा थाना मऊदरवाजा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में स्थित सीसीटीएनएस कार्यालय, विवेचना कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, भोजनालय एवं शस्त्रागार का निरीक्षण किया। इसके साथ ही थाना परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन कर अभिलेखों के रखरखाव एवं पुलिस कार्यवाही की स्थिति की जानकारी ली गई। लंबित मामलों और विवेचनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, थाने पर आने वाले फरियादियों की जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाया जाए।
