फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 फरवरी 2026 जनपद में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तत्वाधान में “आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 10 जनवरी को राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हार, फर्रुखाबाद द्वारा राजेपुर ब्लॉक की ग्रामसभा करहर में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कुल 112 मरीजों (52 पुरुष एवं 60 महिला) का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों का वजन, रक्तचाप (बीपी), हृदय गति, तापमान तथा ऑक्सीजन स्तर की जांच की गई और सभी को रोगानुसार निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं।
चिकित्सा शिविर में अधिकांश मरीज त्वचा रोग, सांस एवं दमा, गठिया, सायटिका, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, बुखार, जुकाम-खांसी आदि समस्याओं से पीड़ित पाए गए।
चिकित्साधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, ताजा एवं पौष्टिक भोजन ग्रहण करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि भोजन में फाइबर, वसा, प्रोटीन तथा कार्बोहाइड्रेट संतुलित मात्रा में होना चाहिए और खुले में बिकने वाले अत्यधिक तैलीय व केमिकल रंग युक्त फास्ट-फूड से बचना चाहिए, क्योंकि इनके नियमित सेवन से फैटी लीवर, पीलिया और एसिडिटी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त किया।
