फर्रुखाबाद:22 फरवरी को विशेष अभियान दिवस: मतदाता सूची पुनरीक्षण, फार्मर रजिस्ट्री और आयुष्मान कार्ड पर डीएम ने दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 फरवरी 2026 जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 22 फरवरी को आयोजित विशेष अभियान दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जनपद के सभी ग्राम प्रधानों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का वाचन करेंगे। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवतियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु फार्म-06 भरवाए जाएंगे। नाम अपमार्जन के लिए फार्म-07 तथा शुद्धिकरण, स्थानांतरण एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन के लिए फार्म-08 भरवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे अपनी ग्राम पंचायतों में अधिकतम लोगों की फार्मर रजिस्ट्री कराएं। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड और फैमिली आईडी बनवाने में सक्रिय सहयोग करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बेरोजगार युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत आवेदन कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपजिलाधिकारी सदर, अपर उपजिलाधिकारी सदर, उप निदेशक कृषि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।