फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मार्च 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला कार्यालय नेकपुर चौरासी में मंगलवार को होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत भाकियू जिला अध्यक्ष अजय कटियार के पिता एवं कांग्रेस पार्टी फर्रुखाबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबू राजेन्द्रनाथ कटियार की सातवीं पुण्यतिथि पर किसानों ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि बाबू राजेन्द्रनाथ कटियार गरीबों और मजलूमों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
वहीं जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि वह और उनके भाई अपने पिता के पदचिन्हों पर चलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबू जी हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के साथ खड़े रहते थे और उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए वह भी गरीबों और मजलूमों की मदद करते रहेंगे, चाहे इसके लिए प्रशासन से संघर्ष ही क्यों न करना पड़े। उन्होंने कहा कि संघर्ष करना उन्होंने अपने पिता से ही सीखा है और वह जीवनभर उनके बताए रास्ते पर चलते रहेंगे।
अजय कटियार ने आगे कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे में किसानों की जा रही जमीन का मुआवजा बाजार भाव का चार गुना मिलना चाहिए। इससे कम मुआवजा किसानों को स्वीकार नहीं होगा।
कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सचिव सुशील दीक्षित ‘बाबा जी’ ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया।
इस अवसर पर कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, अशोक यादव, संजीव सोमवंशी, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, विजय सिंह शाक्य, जगन्नाथ शाक्य, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, जिला सचिव पुजारी कटियार, बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, अजयपाल यादव, कायमगंज तहसील अध्यक्ष कश्मीर गंगवार, अमृतपुर तहसील अध्यक्ष अनीस सिंह सोमवंशी, बढ़पुर ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम शाक्य, राजेपुर ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू यादव, मोहम्मदाबाद ब्लॉक अध्यक्ष राजीव उर्फ बड़े यादव, नवाबगंज ब्लॉक अध्यक्ष अंकेश गंगवार, अजीत सोमवंशी, हिमांशु राजपूत, बबलू खटीक, संजय सिंह, रमेश राठौर, रजत गंगवार, मोनू यादव, अमित कठेरिया, प्रेमचंद्र यादव, राघवेंद्र सिंह, डंपी यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
