फर्रुखाबाद:प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित सभी कृषि योजनाओं के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य, जनपद में अभियान तेज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 फरवरी 2026 शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाए जाने का कार्य अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है।

जनपद में कुल 2,03,210 किसानों के सापेक्ष अब तक 1,57,039 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जा चुकी है, जबकि अभी लगभग 46,000 किसानों की फार्मर आईडी बनना शेष है। भारत सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के समस्त लाभार्थियों को अगली किस्त का लाभ तभी मिलेगा, जब उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार हो जाएगी।

इसके अतिरिक्त फसलों को हुई क्षति के सापेक्ष फसल बीमा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल क्रय, कृषि विभाग तथा अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी किसानों को तभी प्राप्त हो सकेगा, जब उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनी होगी।

फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने के लिए लेखपाल, कृषि विभाग के कार्मिक, पंचायत सहायक एवं रोजगार सेवकों की तैनाती की गई है। यह कार्य सहायक ऐप के माध्यम से, जन सुविधा केंद्रों पर अथवा किसान द्वारा स्वयं फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है।

कृषि विभाग द्वारा सभी किसान भाइयों से अपील की गई है कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बन पाई है, वे शीघ्र ही अपने क्षेत्र के कृषि कार्मिक, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक अथवा लेखपाल से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें।

 इसके अलावा जनसेवा केंद्र पर जाकर या स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए किसानों को अपनी खतौनी, आधार कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर अवश्य साथ लाना होगा। समय रहते फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाकर किसान सभी सरकारी कृषि योजनाओं का निर्बाध लाभ सुनिश्चित कर सकते हैं।