Friday, 06 November 2026 | 10:36 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, दो मुकदमे दर्ज

फर्रुखाबाद के महरूपुर रावी गांव में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मामले में दो अभियोग दर्ज किए गए। साथ ही कई शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
Share:
फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, दो मुकदमे दर्ज
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार, 04 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम महरूपुर रावी में दबिश दी। इस दौरान टीम ने 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर जब्त की। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए।
इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कम्पोजिट मदिरा दुकानों रजीपुर एवं कमालगंज तथा देशी मदिरा दुकानों देवरान गड़िया एवं रजीपुर की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। साथ ही दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों से किया गया। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग की ओर से बताया गया कि जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।