फर्रुखाबाद:ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 फरवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में बुधवार, 11 फरवरी 2026 को एआरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट देने आए आवेदकों तथा विभागीय कार्य से आए अन्य लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान कुल 48 लोगों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि दिसंबर 2025 तक जनपद फर्रुखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई। वहीं दिसंबर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मौत हुई थी। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने आवेदकों को निर्देशित किया कि वे किसी भी स्थिति में वाहनों में ओवरलोडिंग न करें, वाहन के सभी आवश्यक प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों और सवारियों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों और यात्रियों को सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि घातक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के एक घंटे (गोल्डन ऑवर) के भीतर अस्पताल पहुंचाने पर घायल के जीवित रहने की स्थिति में 25 हजार रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है। इसके साथ ही हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 के तहत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।

बीडीओ राजेपुर सुनील कुमार जायसवाल ने भी उपस्थित लोगों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और सड़क सुरक्षा से संबंधित साहित्य वितरित किया गया।