फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मई 2026 जनपद में आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बुधवार को थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना मऊदरवाजा से ईदगाह तक पैदल मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्थलों, संवेदनशील बिंदुओं, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहार के दौरान सतर्कता एवं मुस्तैदी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी की जा रही है। आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
