फर्रुखाबाद में 30 मई तक आंधी, ओलावृष्टि और 90 किमी रफ्तार हवाओं का अलर्ट

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मई 2026 भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में 28 से 30 मई 2026 तक मौसम बेहद खराब रहने की संभावना है। विभाग ने तेज आंधी, तड़ित झंझावात, तेज हवाएं और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही जनसामान्य, किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 70 किमी प्रतिघंटा तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 29 और 30 मई को मौसम और अधिक खराब हो सकता है। इन दिनों हवा की गति 70 से 80 किमी प्रतिघंटा तथा झोंकों में 90 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है।

तेज आंधी और खराब मौसम के कारण कच्चे मकानों, झोपड़ियों एवं अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिरने की आशंका है। धूलभरी आंधी के चलते सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने की संभावना भी बनी रहेगी। आम, केला और पपीता समेत बागवानी फसलों एवं खड़ी कृषि फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। खिड़की-दरवाजों को अच्छी तरह बंद रखें तथा पेड़ों, बिजली के खंभों और टूटे तारों से दूर रहें। बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल चार्जिंग, टीवी, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखने की सलाह दी गई है।

किसानों को गन्ना, मक्का जैसी लंबी फसलों को सहारा देकर बांधने, खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने तथा कटाई योग्य फसलों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं पशुपालकों को पशुओं को खुले में न बांधने और सुरक्षित शेड में रखने की सलाह दी गई है।

जनपद प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत मौसम बुलेटिन एवं प्रशासनिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

Leave a Comment