फर्रुखाबाद:रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष की बैठक संपन्न, पॉक्सो और दहेज हत्या के 09 मामलों की हुई समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मई 2026 जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महोदया ने की, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े गंभीर मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कुल 09 प्रकरणों पर चर्चा की गई, जिनमें 07 मामले पॉक्सो एक्ट से संबंधित तथा 02 मामले दहेज हत्या से जुड़े थे। प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, विवेचना की प्रगति, पीड़ित पक्ष को उपलब्ध कराई गई सहायता तथा लंबित कार्यवाहियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी महोदया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से परीक्षण किया जाए, ताकि वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पीड़ितों एवं उनके परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी महोदया ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से पीड़ितों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment