फर्रुखाबाद:गुणवत्ता और समयबद्धता पर डीएम का जोर, 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपद में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विभागवार मूल्यांकन किया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनके संबंध में संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि वे निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ गूगल लोकेशन के साथ उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सके। उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाए, अन्यथा शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारियों को बिना नक्शा पास कराए या अवैध रूप से निर्मित भवनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरंतर परीक्षण सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि, विद्युत, जलापूर्ति अथवा अन्य विभागीय समन्वय से संबंधित समस्याएं हैं, उनका शीघ्र समाधान कर कार्यों में गति लाई जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment