फर्रुखाबाद: सघन चेकिंग अभियान में मोबाइल पर बात करते 3 चालकों के डीएल निलंबित, बिना फिटनेस 5 वाहन सीज

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में 12 फरवरी 2026 को एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए तीन चालकों को पकड़ा गया, जिन पर कुल 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। विभागीय जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 के जनवरी माह में अब तक कुल 26 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।

इसके अतिरिक्त बिना फिटनेस संचालित पांच वाहनों को सीज करते हुए उन पर 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना परमिट संचालित एक ट्रक भी पकड़ा गया, जिस पर परिवहन विभाग द्वारा 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इस प्रकार आज की कार्रवाई में परिवहन विभाग द्वारा कुल 1.19 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।