फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 मार्च 2026 जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल शक्ति अभियान “कैच द रेन” के अंतर्गत चल रही जल संचय जनभागीदारी 2.0 पहल की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक अभियंता सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सहायक अभियंता लघु सिंचाई ने जानकारी दी कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की रिपोर्ट भारत सरकार के JSJB 2.0 पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। अब तक जनपद में 660 कार्यों की फीडिंग की जा चुकी है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण से संबंधित कराए गए कार्यों जैसे रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, रिचार्ज शाफ्ट, रिचार्ज पिट, सोक पिट, ट्रेंच, चेकडैम, तालाब और मेड़बंदी आदि की जानकारी तत्काल पोर्टल पर दर्ज कराई जाए।
उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि उनके अधीन संचालित सभी शासकीय, अर्धशासकीय एवं वित्तविहीन विद्यालयों में सोक पिट और रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण कराया जाए। वहीं पंचायती राज विभाग को प्रत्येक राजस्व गांव में दो-दो सोक पिट बनवाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में 20-20 सोक पिट बनवाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को 200 ट्रेंचेस और जिला उद्यान अधिकारी को जनपद के संचालित कोल्ड स्टोरेजों में 200 सोक पिट बनवाने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण समय की आवश्यकता है और इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर भूजल स्तर में सुधार लाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
